Zone 3, Street No. 8, New Adarsh Nagar, Durg

9425203126

pradeshprahari05@gmail.com

ग्राम आमटी जिला दुर्ग विकासखंड चना फसल खराब होने पर किसानों ने बीमा राशि दिलाने कलेक्टर से लगाई गुहार

सड़क चौड़ीकरण से आवासीय भूमि प्रभावित, उचित मुआवजे दिलाने दिया आवेदन जनदर्शन में 77 आवेदन प्राप्त हुए

Pradesh Prahari
28 Oct 2026 06:15 PM
👥 Visitors : 15
✅ Link copied successfully!

 

 

 

दुर्ग, 28 अक्टूबर 2026/ जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 77 आवेदन प्राप्त हुए।

इसी कड़ी में ग्राम भनसुली-आर, तहसील पाटन निवासी ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना की वर्ष 2026 की 10 हजार रुपये की सहायता राशि रोके जाने की शिकायत और भुगतान की मांग की। उन्होंने बताया कि वे भूमिहीन मजदूर हैं और उनकी पत्नी ग्राम पंचायत में पंच हैं। पंच पति होने के कारण उनका नाम अपात्र सूची में शामिल कर राशि रोक दी गई है। उन्होंने पात्रता के आधार पर रुकी हुई राशि का भुगतान कराने की मांग की है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार पाटन को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम पोटियाकला निवासी ने पुलगांव चौक से जेल तिराहा के बीच सड़क चौड़ीकरण कार्य से आवासीय भूमि प्रभावित होने पर मुआवजा प्रदान करने की मांग की। उन्होंने बताया कि भूमि मुख्य मार्ग से लगी हुई है। सड़क चौड़ीकरण के साथ पाइपलाइन और नाली निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। भूमि अधिग्रहण के संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं मिली है। उन्होंने अधिग्रहित की गई भूमि का निर्धारित मूल्यांकन संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक भूमि का उचित मूल्यांकन करने और नियमानुसार मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। इस पर कलेक्टर ने एसडीएम दुर्ग एवं ईई पीडब्ल्यूडी को जांचकर कार्यवाही करने को कहा।

दुर्ग विकासखंड के ग्राम आमटी के किसानों ने रबी वर्ष 2025-26 में चना फसल को हुए नुकसान के एवज में बीमा राशि प्रदान करने की मांग की। किसानों ने बताया कि उन्होंने खेतों में चने की फसल की बुआई कर बीमा कराया था। लेकिन प्राकृतिक आपदा और कीट-पतंगों के प्रकोप के कारण फसलों को नुकसान हुआ है। इससे उत्पादन प्रभावित हुआ और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। किसानों ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा फसल का निरीक्षण भी किया गया था। इस पर कलेक्टर ने कृषि विभाग को नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए।