पावर हाउस बाजार में कल से सुरक्षा हेतु तैनात रहेंगे 15 जवान, पार्किंग व्यवस्था भी होगी दुरुस्त
आया त्योहार चलो बाजार अभियान के तहत त्योहारी सीजन में बाजारों की सुरक्षा एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर भिलाई चेम्बर का पुलिस अधिकारियों से मिला दल
भिलाई। त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों में बढ़ती भीड़ एवं व्यापारियों और ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर प्रदेश संयोजक स्वदेशी व्यापारी मंच श्री अजय भसीन के नेतृत्व में भिलाई चेम्बर का एक प्रतिनिधिमंडल एएसपी श्री शोभराज अग्रवाल एवं छावनी थाना प्रभारी श्री राम नारायण ध्रुव जी से मिला।
अजय भसीन जी ने बताया कि आया त्योहार चलो बाजार अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में त्योहार के दौरान बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग की समस्या पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मार्केट का भ्रमण किया व आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि कल से पावर हाउस बाजार में सुरक्षा व्यवस्था हेतु 15 जवान तैनात रहेंगे, जिससे बाजार में आने वाले ग्राहकों एवं व्यापारियों को सुरक्षा का बेहतर वातावरण मिल सके।
पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके अंतर्गत पुराने रोजगार कार्यालय में दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। छावनी थाने के सामने एवं पीछे की ओर चारपहिया वाहनों की पार्किंग की जाएगी।
वहीं सर्कुलर मार्केट के व्यापारियों से आग्रह किया गया कि वे अपने वाहन पानी टंकी स्कूल के मैदान में पार्क करें, जिससे बाजार में यातायात सुचारू बना रहे और ग्राहकों को खरीदारी में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अतिरिक्त पावर हाउस मार्केट एवं स्टेशन के सामने ट्रैफिक टावर बनाए जाने की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे यातायात नियंत्रण में सहायता मिलेगी।
श्री अजय भसीन ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में व्यापारियों एवं ग्राहकों की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं व्यवस्थित पार्किंग अत्यंत आवश्यक है। पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से बाजारों में सुरक्षित एवं सुविधाजनक खरीदारी का वातावरण बनेगा।
भिलाई चेम्बर ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों एवं ग्राहकों की सुविधा के लिए चेम्बर सदैव प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करता रहेगा।
