Zone 3, Street No. 8, New Adarsh Nagar, Durg

9425203126

pradeshprahari05@gmail.com

निगम आयुक्त लीना कोसम ने मल्टीलेवल पार्किंग सहित विभिन्न विकास कार्यों का किया निरीक्षण

मल्टी लेबल पार्किंग,केनाल रोड, उरला साइट, मुक्तिधाम और एसटीपी का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Pradesh Prahari
23 Oct 2026 05:35 PM
👥 Visitors : 14
✅ Link copied successfully!

 

 

दुर्ग/23 अक्टूबर/नगर पालिक निगम। नगर पालिक निगम, दुर्ग की आयुक्त लीना कोसम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का मॉर्निंग विजिट कर निर्माण कार्यों की प्रगति, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तथा नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इंदिरा मार्केट पुराने बस स्टैंड के समीप निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग सहित साइंस कॉलेज स्थित केनाल रोड, उरला साइट, मुक्तिधाम एवं एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

*-मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण की प्रगति की समीक्षा,*

इंदिरा मार्केट पुराने बस स्टैंड के समीप स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। कार्यों में तेजी लाते हुए शेष निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की प्रगति केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि मैदानी स्तर पर भी उसका प्रभाव दिखाई देना चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करें तथा निर्माण की गुणवत्ता और तय समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें।

*-विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई,*

आयुक्त लीना कोसम ने साइंस कॉलेज स्थित केनाल रोड, उरला साइट, मुक्तिधाम और एसटीपी का निरीक्षण कर वहां संचालित कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। जहां कार्यों की गति धीमी है, वहां आवश्यक कदम उठाकर प्रगति में तेजी लाई जाए।

उन्होंने कहा कि शहर के विकास कार्यों को समय पर पूरा करना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी,लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और लंबित कार्यों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता विनिता वर्मा,भवन अधिकारी प्रकाश चंद्र थवानी, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उप अभियंता मोहित मरकाम, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।