Zone 3, Street No. 8, New Adarsh Nagar, Durg

9425203126

pradeshprahari05@gmail.com

हॉस्पिटल सेक्टर के 724 परिवारों को वहीं मिले प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ : देवेंद्र यादव

बीएसपी के लगातार नोटिस जारी करने का मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित, विधायक ने कलेक्टर से मिलकर रखी प्रभावित परिवारों की मांग

Pradesh Prahari
30 Oct 2026 06:31 PM
👥 Visitors : 12
✅ Link copied successfully!

 

भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने बीएसपी क्षेत्र के हॉस्पिटल सेक्टर में रह रहे परिवारों की समस्याओं को लेकर आज दुर्ग कलेक्टर से मुलाकात की। उन्होंने हॉस्पिटल सेक्टर के रहवासियों को लगातार जारी किए जा रहे बीएसपी के नोटिस और उनके सामने खड़ी हो रही परेशानियों से कलेक्टर को अवगत कराया। साथ ही प्रभावित 724 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ हॉस्पिटल सेक्टर में ही उपलब्ध कराने की मांग रखी।
विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि हॉस्पिटल सेक्टर में रहने वाले परिवार लंबे समय से इस समस्या का सामना कर रहे हैं। बीएसपी की ओर से लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जबकि इस पूरे मामले से जुड़ा प्रकरण सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। ऐसे में यहां रहने वाले परिवारों के भविष्य और उनके आवास के अधिकार को लेकर गंभीरता से पहल किए जाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि हमारी मांग बिल्कुल स्पष्ट है। हॉस्पिटल सेक्टर में रहने वाले 724 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ कहीं दूसरी जगह नहीं, बल्कि हॉस्पिटल सेक्टर में ही मिलना चाहिए। सेक्टर-9 अस्पताल से इस क्षेत्र का सीधा जुड़ाव है। यहां रहने वाले अधिकांश लोग सेक्टर-9 अस्पताल से संबंधित कामकाज से जुड़े हुए हैं। ऐसे में इन परिवारों के लिए इसी क्षेत्र में आवास की व्यवस्था होना जरूरी है।
विधायक ने कहा कि उन्होंने कलेक्टर के सामने प्रभावित परिवारों की पूरी समस्या और उनकी मांग रखी है। हमें पूरा विश्वास है कि शासन-प्रशासन जनता की परेशानी को समझते हुए इस मामले में सहयोग करेगा और प्रभावित परिवारों के हित में सकारात्मक पहल करेगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि प्रभावित परिवारों को उनका हक और राहत नहीं मिलती है तो उनकी लड़ाई जारी रहेगी। लोगों के अधिकारों के लिए न्यायिक प्रक्रिया से लेकर जमीनी संघर्ष और जरूरत पड़ने पर आंदोलन तक किया जाएगा। 724 परिवारों के हितों की रक्षा के लिए हम किसी भी स्तर पर पीछे नहीं हटेंगे।