Zone 3, Street No. 8, New Adarsh Nagar, Durg

9425203126

pradeshprahari05@gmail.com

गोंडी और हल्बी में सीखेंगे नौनिहाल, कलेक्टर ने किया पुस्तकों का विमोचन

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का 6 दिवसीय विशेष आवासीय प्रशिक्षण शुरू

Pradesh Prahari
29 Oct 2026 06:44 PM
👥 Visitors : 11
✅ Link copied successfully!

 

 

   सुकमा/ जिले में 3 से 6 वर्ष के बच्चों की प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल शुरू की गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा 'मोबाइल क्रैचेज' के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में 6 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। 26 अक्टूबर से प्रारंभ हुआ यह प्रशिक्षण 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा, जिसमें दोरनापाल और कोंटा सहित विभिन्न प्रोजेक्ट्स की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नए पाठ्यक्रम की इकाई तीन और चार का सघन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

  प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार ने डीपीआरसी भवन सुकमा में गुरुवार को मोबाइल क्रैचेज (दिल्ली) की ईसीडी विशेषज्ञ टीम द्वारा तैयार पाठ्यक्रम की इकाई 1 एवं 2 की पुस्तकों का औपचारिक विमोचन किया। कुल 6 इकाइयों में विभाजित इस विशेष पाठ्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत इसका स्थानीय परिवेश के अनुकूल होना है। बच्चों के बौद्धिक व मानसिक विकास को सरल और रुचिकर बनाने के लिए पाठ्यक्रम में स्थानीय बोलियों—गोंडी और हल्बी—में कहानियों, गीतों और कविताओं का समावेश किया गया है, जिससे कार्यकर्ता बच्चों को खेल-खेल में उनकी अपनी मातृभाषा में सहजता से सिखा सकें।

  पुस्तकों के विमोचन एवं प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिला प्रशासन और विशेषज्ञ टीम के प्रतिनिधि प्रमुखता से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री शिवदास नेताम, पीपीआई फेलो सुश्री अर्कजा, मोबाइल क्रैचेज के रूपेंद्र देवदास सहित मास्टर ट्रेनर्स व कंसल्टेंट्स मिथलेश ठाकुर, रंजीत मंडल, अनस शेख और लक्ष्मी मड़कम ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। शेष बची इकाइयों का प्रशिक्षण इस चरण के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद आगामी चरणों में प्रदान किया जाएगा।