Zone 3, Street No. 8, New Adarsh Nagar, Durg

9425203126

pradeshprahari05@gmail.com

नक्सलवाद के साये से निकलकर विकास और विश्वास के नए दौर में पहुंचा सुकमा - विधायक श्री नीलकंठ टेकाम

राज्योत्सव में ‘युवा उड़ान’ और ‘सशक्त नारी’ की दिखी झलक कला-संस्कृति और प्रतिभाओं का दिखा शानदार संगम, लोकनृत्य व ‘रोड रोलर’ बैंड की प्रस्तुति ने मोहा मन विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को किया रेखांकित

Pradesh Prahari
03 Nov 2026 01:24 PM
👥 Visitors : 5
✅ Link copied successfully!

 

 

 

 

 

  सुकमा/ केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय राज्य स्थापना दिवस समारोह का भव्य आयोजन मिनी स्टेडियम सुकमा में किया गया। मुख्य अतिथि श्री टेकाम के द्वीप प्रज्वलन के पश्चात राज्य गीत, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय राज्य स्थापना दिवस समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, बुजुर्ग, बच्चे सहित जिलेवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। राज्योत्सव कार्यक्रम जिलेवासियों की उपस्थिति में पूरे उत्साह और उल्लास के साथ राज्य का 26वा स्थापना दिवस समारोह मनाया गया।  राज्योत्सव समारोह में महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हूँगाराम मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्री कोरसा सन्नू, श्री हुंगाराम मरकाम, जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे, श्री अरूण सिंह भदौरिया, कलेक्टर श्री अमित कुमार, एसपी श्री मयंक गुर्जर, जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर, डीएफओ श्री अक्षय भोंसले सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

   कलेक्टर श्री अमित कुमार ने अपने स्वागत उद्बोधन में सर्वप्रथम सभी जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने जिले में संचालित विकासात्मक योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों को गति देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया। राज्योत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सुकमा आज नक्सलवाद के लंबे दौर से निकलकर शांति, सुरक्षा और विकास के नए वातावरण की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि पिछली बार जब राज्योत्सव मनाया जा रहा था, तब यह क्षेत्र दशकों से नक्सलवाद की चुनौती से जूझ रहा था, लेकिन आज लोग नक्सल मुक्ति के बाद खुले वातावरण में निर्भय होकर राज्योत्सव मना रहे हैं। इसके लिए आप सभी को बहुत बहुत बधाई। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बदलाव बताते हुए कहा कि सुकमा तीन राज्यों की सांस्कृतिक विरासत और छत्तीसगढ़ के दूरस्थ अंचलों की चुनौतियों के बीच विकास की नई राह बना रहा है। इस अवसर पर ‘युवा उड़ान’ और ‘सशक्त नारी’ की थीम को उन्होंने जिले की बदलती तस्वीर और जनभागीदारी का प्रतीक बताया।

  विधायक श्री टेकाम ने जिले में कृषि, आवास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि किसानों का पंजीयन लगभग 14 हजार से बढ़कर 24 हजार तक पहुंच गया है तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में 22 हजार से अधिक पक्के मकानों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने शासन की धान खरीदी व्यवस्था, प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी एवं 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर सहित दलहन-तिलहन और उद्यानिकी फसलों को प्रोत्साहित करने वाली योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए आर्थिक सहायता, महतारी वंदन योजना, आयुष्मान भारत के तहत निःशुल्क उपचार तथा स्वरोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले के अधिकारी-कर्मचारियों के प्रयासों से शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन अब धरातल तक पहुंच रहा है, जो विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव है।

  उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अंदरूनी क्षेत्रों में सड़क एवं संचार कनेक्टिविटी, ग्रामीण बस सेवा, सिंचाई सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। टीबी एवं मोतियाबिंद के मरीजों को उपचार के साथ अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराने तथा सशक्त आंगनबाड़ी अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों के लिए गोंडी, हल्बी और हिंदी भाषाओं में शैक्षणिक सामग्री तैयार करने जैसी स्थानीय पहल की सराहना की। युवाओं की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए बताया कि बस्तर ओलंपिक में सुकमा जिले का पंजीयन लगभग 40 हजार से बढ़कर 81 हजार हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा शक्ति, महिला सशक्तीकरण और शासन की विकासोन्मुखी योजनाओं के समन्वित प्रयासों से सुकमा आने वाले समय में शिक्षा, रोजगार, खेल, कृषि और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा। इसके साथ ही महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे ने भी लोगों को संबोधित किया।

*विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी*
जिला स्तरीय राज्य स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभागीय गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्य अतिथि श्री नीलकंठ टेकाम सहित कलेक्टर-एसपी और जनप्रतिनिधियों ने सभी स्टालों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से बात की। प्रदर्शनी में पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, भू-अभिलेख(राजस्व), कृषि विभाग, रेशम विभाग, पशुधन विकास विभाग, श्रम विभाग, पंचायत कैफ़े, क्रेडा विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग, आयुष विभाग, जल संसाधन विभाग, जनसंपर्क विभाग, पुलिस विभाग एवं यातायात विभाग आदि द्वारा स्टॉल लगाए गए। इनमें समावेशी विकास मॉडल, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, विकसित भारत जी राम जी योजना, सशक्त आंगनबाड़ी अभियान, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना, डिजिटल फसल सर्वेक्षण, किसान रजिस्ट्री, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा प्रदान की गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया तथा जनसंपर्क विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रकाशित जनमन पुस्तिका का निःशुल्क वितरण भी किया गया।

*कला-संस्कृति और प्रतिभाओं का दिखा शानदार संगम, लोकनृत्य व ‘रोड रोलर’ बैंड की प्रस्तुति ने मोहा मन* जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में सुकमा की कला, संस्कृति और प्रतिभाओं का शानदार संगम देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने क्षेत्रीय लोकनृत्यों, पारंपरिक वेशभूषा और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं मशहूर बैंड ‘रोड रोलर’ की शानदार संगीतमय प्रस्तुति ने समारोह में चार चांद लगा दिए। सांस्कृतिक रंगों, लोकपरंपराओं और संगीत की धुनों से सराबोर इस आयोजन ने उपस्थित जनसमूह को उत्साह और उमंग से भर दिया।