Zone 3, Street No. 8, New Adarsh Nagar, Durg

9425203126

pradeshprahari05@gmail.com

विकास कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने कलेक्टर श्री अमित कुमार ने दिए निर्देश

बस्तर ओलंपिक कार्यक्रम के गरिमामयी आयोजन के निर्देश ,धान खरीदी की तैयारियों की भी की गहन समीक्षा

Pradesh Prahari
03 Nov 2026 04:28 PM
👥 Visitors : 4
✅ Link copied successfully!

 

 

 

  सुकमा/ जिले में विकास कार्यों को गति देने, शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, पेयजल, आधार पंजीयन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान कार्ड, एनक्यूएएस, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के रिक्त पदों, आंगनबाड़ी भवन निर्माण तथा आधार एमबीयू एवं नवीन पंजीयन की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।

  बैठक में जिले के विकास को नई दिशा देने वाले महत्वपूर्ण निर्माण एवं अधोसंरचना कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया। साइंस पार्क, विज्ञान दूत, भर्ती उल्लास अकादमी का एनआरएलएम से लिंकेज, एजुकेशन सिटी जगरगुंडा में भवन, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था तथा सुकमा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही प्रशासनिक परिसरों, जगरगुंडा के स्वीकृत एवं निर्माणाधीन कार्यों, पंचायत कैफे, हड़मा स्टेडियम, लघु उद्योग हब, स्कूल एवं छात्रावासों में बाउंड्रीवॉल तथा विद्यालयों में शौचालय निर्माण की स्थिति पर चर्चा हुई। नगरपालिका परिषद सुकमा के अंतर्गत जिम, मैंगो प्लांटेशन, दुरमा वाटरफॉल सौंदर्यीकरण, शबरी नदी में राफ्टिंग एवं तेलावर्ती ट्रेकिंग जैसे पर्यटन, खेल एवं रोजगार की संभावनाओं से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए उन्हें समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

  आगामी धान खरीदी को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। सीसीबी नोडल अधिकारी को खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। खाद्य अधिकारी को खरीदी की सतत मॉनिटरिंग एवं कंट्रोल रूम में ड्यूटी व्यवस्था बनाने को कहा गया। समितियों के माध्यम से किसानों को एग्रीस्टैक पंजीयन अथवा डीसीएस की अनिवार्यता की जानकारी देने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को खरीदी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं डीएमओ मार्कफेड को किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित समितियों एवं मिलर्स को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने पर जोर दिया गया।

  बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों, लंबित प्रकरणों तथा साप्ताहिक निराकृत शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री अमित कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं गंभीरता से निराकरण करें तथा लंबित शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। जल जीवन मिशन सहित सभी योजनाओं के कार्यों में नियमित मॉनिटरिंग, विभागीय समन्वय एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक का उद्देश्य जिले में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति को निरंतर गति देना, शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह एवं जनहितकारी बनाना रहा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।