सतनामी समाज के राजमहंत एवं अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन
78 वर्ष की आयु में हैदराबाद के निजी अस्पताल में ली अंतिम सांस, भाजपा सहित क्षेत्र में शोक की लहर
दुर्ग। सतनामी समाज के राजमहंत एवं अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की आयु में हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में अपनी सक्रियता और लोकप्रियता के लिए जाने जाते थे। क्षेत्र में उनकी मजबूत जनस्वीकार्यता के चलते भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें दो बार विधानसभा चुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया और दोनों अवसरों पर वे विधायक निर्वाचित हुए।
राजनीतिक जीवन के साथ ही उनका सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने पूर्व सांसद ताराचंद साहू के निजी सहायक (पीए) के रूप में कई वर्षों तक कार्य किया। इसके बाद वे शिक्षा विभाग में शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं देते रहे और गुंडरदेही क्षेत्र से शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए।
सतनामी समाज में राजमहंत के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान थी। सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी और क्षेत्र के लोगों से उनके जुड़ाव के कारण उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त था।
उनके पार्थिव शरीर को हैदराबाद से दुर्ग लाने की तैयारी की जा रही है। उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार को लेकर आगे की जानकारी परिजनों एवं समर्थकों द्वारा दी जाएगी।
उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक जगत में शोक व्याप्त है। भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।