RSS के 100 वर्ष पूर्ण: दुर्ग के विवेकानंद उपनगर में विजयादशमी उत्सव एवं भव्य पथ संचलन
शताब्दी वर्ष के विशेष उत्साह के साथ आयोजित इस पथ संचलन में उपनगर के कोने-कोने से सैकड़ों स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए भाग लिया
*दुर्ग।* राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर युगाब्द 5128 विजयादशमी उत्सव एवं भव्य पथ संचलन विवेकानंद उपनगर, दुर्ग में हर्षोल्लास और गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
शताब्दी वर्ष के विशेष उत्साह के साथ आयोजित इस पथ संचलन में उपनगर के कोने-कोने से सैकड़ों स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए भाग लिया। घोष की वीर रस से भरी धुनों के बीच जैसे ही संचलन गुजरा, पूरा क्षेत्र भारत माता की जय, वंदेमातरम् और जय श्रीराम के उद्घोष से गुंजायमान हो गया। तरुण, बाल और वरिष्ठ स्वयंसेवकों का यह संगम राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रतीक बना।
पथ संचलन का वार्ड क्रमांक 53 और 54 पोटियाकला में अभूतपूर्व स्वागत हुआ। वार्डवासी, मातृशक्ति और युवाओं ने पुष्पवर्षा कर, आरती उतारकर स्वयंसेवकों का आत्मीय अभिनंदन किया।
इस उत्सव में स्वदेशी जागरण मंच सहित समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखन लाल साहू, जिला संघचालक गंगाधर जाधव, मुख्य वक्ता जिला कार्यवाह सुनील पटेल एवं उपनगर कार्यवाह संतोष कुमार सिन्हा मंच पर उपस्थित रहे। वक्ताओं ने संघ की 100 वर्षों की यात्रा, राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों के अवदान और समरस समाज निर्माण पर पंच परिवर्तन विषय पर उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में पद्मनाभपुर पुलिस प्रशासन की यातायात व्यवस्था एवं नगर पालिक निगम दुर्ग के स्वच्छता कर्मियों का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।