Zone 3, Street No. 8, New Adarsh Nagar, Durg

9425203126

pradeshprahari05@gmail.com

नांदघाट में विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम द्वारा उपभोक्ता जागरूकता बैठक का आयोजन

स्थानीय घरेलू, कृषि पंप, व्यावसायिक एवं औद्योगिक श्रेणी के सम्माननीय उपभोक्तागण बड़ी संख्या में शामिल हुए

Pradesh Prahari
24 Oct 2026 03:06 PM
👥 Visitors : 12
✅ Link copied successfully!


​दुर्ग,
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड(सीएसपीडीसीएल), दुर्ग क्षेत्र  के अंतर्गत विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम (ईसीजीआरएफ) दुर्ग द्वारा 23 अक्टूबर 2026 को विद्युत संभाग बेमेतरा  के नांदघाट क्षेत्र में 'विद्युत उपभोक्ता जागरूकता' विषय पर एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कार्यपालन यंत्री (बेमेतरा), सहायक यंत्री (नवागढ़), कनिष्ठ यंत्री (नांदघाट) सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्र के स्थानीय घरेलू, कृषि पंप, व्यावसायिक एवं औद्योगिक श्रेणी के सम्माननीय उपभोक्तागण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

​बैठक के दौरान विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम, दुर्ग के अध्यक्ष श्री पी.व्ही. सजीव एवं इसीजीआरएफ बी.एस.पी. क्षेत्र) के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार चौहान  द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं एवं विभागीय अधिकारियों को फोरम की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को किस प्रकार फोरम के समक्ष दर्ज करा सकते हैं तथा उनका समाधान प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त उपभोक्ताओं के अधिकारों और शिकायत निवारण की पारदर्शी प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

​कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं उपभोक्ताओं को मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के विभिन्न मापदंडों और शिकायतों के निराकरण हेतु निर्धारित समय-सीमा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विद्युत प्रदाय संहिता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों पर चर्चा की गई।
फोरम के अध्यक्षों ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं से प्राप्त होने वाली समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें।

​बैठक के अंतिम चरण में विद्युत आपूर्ति, बिलिंग, नए कनेक्शन एवं कृषि पंपों से जुड़ी अन्य स्थानीय समस्याओं पर उपभोक्ताओं के साथ खुली चर्चा की गई और उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं बेहतर उपभोक्ता सेवा प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।